Saturday, January 2, 2021

गुड़ की मिठाइयाँ

 #ठेठ_पलामू:- गुड़ की मिठाइयाँ

सर्दी का मौसम है।इस मौसम में भूख ज्यादा लगती है तो खाने की बात जरूरी है। तीखे सम्बन्धों और कड़ुवाहट भरे वातावरण में मिठास की बात तो 'और ज्यादा ' जरुरी है।इन दिनों ठंड के समय बाजार निकलिए तो गुड़ से बनी परंपरागत मिठाईयाँ आपको सबसे ज्यादा आकर्षित करती है।
जी हाँ, इस ठंड के समय में #तिलकुट और #बादाम_पट्टी की बात हो तो नाम सुनते ही, मन खाने को मचल उठता है। साथ में लकठो,अनरसा और नए अनाज के लड्डू मिल जाए तो फिर क्या कहने। हालांकि अभी मकर #संक्रांति में कुछ दिन बचे हैं। फिर भी महीने दिन पहले से ही बाजार में इसकी काफी रौनक दिखलाई पड़ रही है।
बड़े-बुजुर्गों के साथ-साथ अब तो स्वास्थ्य मामलों के विशेषज्ञ भी इस बात को मान चुके हैं कि मिठास बढ़ाने के मामले में सफेद शक्कर की बजाय प्राकृतिक गुड़ का प्रयोग करना ज्यादा फायदेमंद है।गाँव में गुड़ से बनी मिठाईयाँ तो शुरू से ही अव्वल रही है।लेकिन शहरों में भी अब इसकी पूछपरख बढ़ गयी है।
इस सर्दी के मौसम की बहुत सारी स्वादिष्ट मिठाईयाँ हैं।#गुड़पट्टी, तिलपट्टी, तिलकुट, #लकठो, #अनरसा,तिल-चावल और #मुरहा की लड्डूओं से गाँव-कस्बों के मेले ही नहीं बल्कि सभी छोटे-बड़े शहरों के बाजार भी आबाद है। मूंगफली के दाने और गुड़ से बनी गुड़पट्टी की बात ही निराली है।इसे बादामपट्टी भी कहते हैं।क्योंकि हम जैसे लोगों के लिए मूंगफली ही'बादाम' है।
इसके साथ-साथ आप लकठो को भूल जाएं।तिल,चावल और मुरहा के लड्डू का स्वाद आपको नहीं ललचाएँ।ऐसा तो हो ही नहीं सकता है।गजक,पेठा के साथ ढ़ेर सारी रंगीन और खूबसूरत मिठाईयों से भरी दुकानों से बाजार खिल उठा है। इन सबको देखकर बच्चे ही नहीं बूढ़ों के मुँह में भी पानी आ जाता है
वास्तव में यह ठंड के मौसम की प्रचलित और सस्ती मिठाईयाँ है।हमारी परंपराओं से जुड़ी हुयी है।इस मौसम में इन्हें खाने का सिर्फ प्राचीन ही नहीं,आधुनिक इतिहास भी है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आयुर्वेद चिकित्सक भी इन्हें खाने के तमाम फायदे बताते रहे हैं।गूगल में सर्च कीजिए तो सर्दी के मौसम में गुड़,मूंगफली और तिल खाने के हजारों फायदे दिखलाई पड़ते हैं।
तो फिर देरी किस बात कि अगर आपको अभी तक डायबिटीज बीमारी ने नहीं घेरा है तो इसके अनूठे स्वाद को चखते रहिए। मीठा खाकर अपनी थकान भूलाकर तनावमुक्त रहिए।तमाम बीमारियों से दूर रहिए।खुश रहिए और सबको खुश रखने का प्रयास कीजिए और इस कड़कड़ाती ठंड में भी #बिंदास होकर मौसम का आनंद लीजिए।
©Ajay Shukla
Image may contain: 1 person
You, Anand Keshaw, Himanshu Kumar and 172 others
40 comments
10 shares
Like
Comment
Share

No comments:

Post a Comment