Saturday, January 9, 2021

दोना-पत्तल

 #ठेठ_पलामू:- दोना-पत्तल

-----------------------------------------------------
पहले गाँव-घर में शादी #बियाह की दावत हो या #भोज #दोना_पत्तल और #कुल्हड़ के बिना खाने की कल्पना भी नहीं की जाती थी। जैसे-जैसे समय बढ़ रहा है, धीरे-धीरे यह महत्वपूर्ण प्रचलन समाप्त होता जा रहा है।आधुनिकता की चकाचौंध, दिखावा और #बुफे_सिस्टम की वजह से हमारी यह पारंपरिक विरासत विलुप्ति के कगार पर खड़ी है। अब दोना-पत्तल की जगह थर्माकोल के प्लेट और कुल्हड़ के जगह प्लास्टिक के #डिस्पोजल गिलास चारों तरफ दिखाई पड़ते हैं।
कुछ दिनों पहले एक प्रसिद्ध मेडिकल रिसर्च पेपर में यह प्रमाणित किया जा चुका है कि #थर्माकोल या प्लास्टिक के गिलास में खाना-पीना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। उसके ऊपर जिन रसायनों का लेप होता है, वह गंभीर बीमारी कैंसर को उत्पन्न करने के लिए जिम्मेदार हैं। पर्यावरण के जानकार अब खुलकर बोलते हैं कि वह प्रकृति के लिए नुकसानदेह है, क्योंकि उन्हें नष्ट करना बहुत मुश्किल है। वह मिट्टी में मिलकर मिट्टी की उर्वरता समाप्त करने के लिए भी जिम्मेदार हैं। जबकि दोना-पत्तल को मिट्टी में दबा दिया जाता है, जिससे वह खाद के रुप में तैयार हो जाता है, जो पर्यावरण और कृषकों के लिए बहुत लाभप्रद है।
हमारे झारखण्ड में '#पलाश' के पत्तों से दोना-पत्तल बनाने की पुरानी परंपरा रही है। सरगुजा और छोटा नागपुर क्षेत्र में सरई (सालवृक्ष) के पत्तों से, बस्तर में सरगी के पत्तों से दोना पत्तल बनाया जाता है, जबकि दक्षिण भारत में केले के पत्तों पर खाना खाया जाता है।जानकार लोग बताते हैं कि संपूर्ण भारतवर्ष में हजार से अधिक वनस्पतियों के पत्ते से दोना-पत्तल का निर्माण किया जाता है। वनोपज की बिक्री कर अपना जीवन निर्वाह करने वालों के साथ-साथ लघु उद्योग के लिए यह एक प्रमुख आधार स्तंभ रहा है।
आज भी शहर हो या गाँव, कई इलाकों में पूजा-पाठ के लिए हरे पत्तों के दोना-पत्तल को ही स्वीकार किया जाता है, क्योंकि यह पवित्र माना जाता है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के बड़े-बुजुर्ग आज भी घर के किसी उत्सव या भोज में हरे पत्तों से बने दोना-पत्तल में ही खाना पसंद करते हैं, क्योंकि यह शुद्ध, #सात्विक और औषधीय गुणों से भरपूर माना जाता है। पारंपरिक रुप से पलाश के पत्तल पर भोजन करने को बहुत फायदेमंद माना गया है। प्राचीन वैदिक परंपरा के अनुसार पलाश के पत्ते पर भोजन करने से वही फायदा है, जो सोने के बर्तन में भोजन करने से होता है। पाचन तंत्र संबंधी रोग वाले व्यक्ति भी को इस पत्तल पर भोजन करने की सलाह दी जाती है।
पिछले सप्ताह बीबीसी के न्यूज में एक खबर आई कि #जर्मनी की एक कंपनी दोना-पत्तल बना रही है। पर्यावरण के मित्र के रुप से उसकी जबर्दस्त मार्केटिंग की वजह से वे माँग के अनुसार खपत नहीं कर पा रहे हैं और बेशुमार पैसा कमा रहे हैं। मार्केटिंग की प्रसिद्ध नेटवर्क कंपनी अमेजन के वेबसाइट पर भी दोना-पत्तल और कुल्हड़ बिक्री के लिए उपलब्ध है। कहने का तात्पर्य है कि हमारे पारंपरिक दोना-पत्तल की इज्जत भले अपने देश में नहीं,लेकिन विदेशों में हो रही है और हमें उसकी कद्र तक नहीं है।
उम्मीद है कि इस पोस्ट को पढ़ने के बाद आप अपने घर के किसी भी कार्यक्रम में थर्माकोल के प्लेट और प्लास्टिक डिस्पोजल गिलास की बजाए दोना-पत्तल में ही खाना परोसेंगे और कुल्हड़ में पानी और चाय पिलाएँगे। आप डाल्टनगंज में रहते हैं, तो लाल कोठी के पास या स्टेशन के पास आज भी आपको दोना पत्तल बनाती स्त्रियाँ दिखाई पड़ जाएँगी। सिर्फ डाल्टनगंज ही नहीं, बल्कि हर शहर और गाँव में अभी भी दोना-पत्तल और कुल्हड़ उपलब्ध है। जरूरत है तो सिर्फ उसे पुनः प्रचलन में लाने और अपनी प्रकृति और अपनी परंपरा को बचाने की, परन्तु इसके लिए शुरुआत हमें ही करनी होगी।
No photo description available.
6,941
People reached
910
Engagements
You and 264 others
40 comments
29 shares
Like
Comment
Share

No comments:

Post a Comment