Sunday, February 21, 2021

घर वालों के संग पिकनिक




नव वर्ष की शुभकामनाएँ

बड़े दिन की छुट्टी थी। हम भी #महानगर की भाग-दौड़ से दूर अपने शहर #डालटनगंज में आ गए। यहाँ पर पड़ने वाली कड़ाके की ठंड,जो वैज्ञानिकों के क्लाइमेट चेंज(जलवायु परिवर्तन) के दावे को और पुख्ता कर देती है। आजकल हमारी सुबह तो मोबाइल में तापमान देख कर ही होती है।वैसे तो गर्मियों में सुबह जल्दी उठने के लिए कोई बहाना नहीं चलता पर इन सर्दियों में ये वैलिड(मुनासिब) बहाना होता है और कुछ देर रज़ाई में और बिताने को मिल जाता है।

डालटनगंज में ३१ दिसंबर की अलग ही सुगबुगाहट होती है। प्लान तो ऐसा होता है कि ३१ दिसम्बर की रात को टीवी पर प्रोग्राम देख कर १२ बजे सबको विश करके (शुभकामनाएँ भेजकर) सोया जायेगा पर इतनी ठंड में इतनी देर तक कौन जगे?अब नए साल के पहले दिन बधाई देंगे।यह सोचकर सो जाते हैं।

सुबह की शुरुआत नए वर्ष की बधाइयों वाले कॉल्स से होती है। इन बधाइयों के बाद अगला प्रश्न हमेशा यही होता है - 'और आज के क्या प्लान्स है?'। वैसे तो हमारे शहर के आस-पास पिकनिक के लिए बहुत सारे जगह जैसे बेतला पार्क, केचकी, नेतरहाट आदि है लेकिन फिर भी हमारी पिकनिक तो घर पर ही मनाई जाती है।

अब दुनिया वालों को कौन समझाए कि हमारे लिए तो छुट्टियों में घर आना, परिवार के साथ समय बिताना, धूप में बैठ कर दुनिया-जहां की बातें करना, शाम को अलाव तापना और घर के बने हुए स्वादिष्ट पकवानों का लुत्फ़ उठाना ही सबसे बड़ी पार्टी और पिकनिक है।इससे बड़ा आनंद और इससे बड़ी खुशी हमें और कहीं नहीं मिलती है।वैसे आप सभी आज नए साल के पहले दिन कैसे बीता रहे हैं और इस नए साल में आपके क्या प्लान्स है? उम्मीद है आप सभी भी ठेठ पलामू पेज पर आज के दिन का, अपने विवरण जरूर बताएँगे।एक बार फिर से आप सभी को नववर्ष की बहुत बधाई,बहुत शुभकामनाएँ।

©Aditi priya

https://www.facebook.com/profile.php?id=100001348435939

No comments:

Post a Comment