पापा कुछ कहते क्यों नहीं
------------------------------------------------
#बड़ी_बुआ बहुत दिन बाद घर पर आई थी। बुआ सब भाइयों से बड़ी थी, चूँकि वो कभी-कभार ही आती थी, इसलिए पापा से छोटे चाचा भी मिलने के लिए आए थे। अब सब लोग आए तो मुझे भी #हॉस्टल से बुलाया गया था कि सब लोग आए हैं, तो आ जाओ सब से मिल लो ।
शाम का समय था, सबलोग ऐसे ही बैठ कर बातें कर रहे थे। यहाँ- वहाँ की बातें हो रही थी। तब तक बुआ समय देखते ही अपना पसंदीदा टॉपिक उठाते हुए बोली- "तब कहीं लइका-उइका देखइत हंहु कि ना #मइयां ला कि अब एतना उमर तक घर ही बैठा के रखेला हव।" अब #शादी की बात होते मेरे अंदर की भावना कंट्रोल से बाहर होने लगती है, तो बस आँखों से आँसू निकल पड़े। अब आँसू देखते ही फुआ को मानो और बहाना मिल गया और वो फिर से शुरू हो गयी। "ऐसे एतना कमजोर बने से काम ना चलतव मइयां, बेटी जात में जन्म ले ले हे, सब दिन #माई_के_अंचरा तर थोड़े न रहब। जा के दोसर घर सम्हारे ला हऊ तो ऐसे लोर टपकैला से काम ना चलतऊ।"
ये सुनते ही मेरी आँखों के आँसू रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। तभी छोटे चाचा ने फुआ को बीच में रोक कर बोलना शुरू किया- "अरे अभी नया #जेनेरेशन के है समझने में टाइम तो लगेगा न। थोड़ा टाइम देना चाहिए और वैसे भी तो अभी इसको पढ़ाई करना है जब शादी करना होगा तो सब समझ जाएगी।" फुआ इतने में कहा रुकने वाली थी इस बात पर बहुत देर तक बहस चलती रही, मम्मी भी बीच-बीच में कुछ-कुछ बोलती कि हाँ, अब लड़का देखना शुरू करेंगे। कुछ कहीं-कहीं का बतायी भी कि वहाँ का पता चला था, पर मेरे लिए सबसे आश्चर्य की बात ये थी कि पापा कुछ क्यों नहीं बोल रहे थे? पापा इतना मानते हैं मुझे और फुआ इतना कुछ बोले जा रही थी, पर पापा कुछ बोल क्यों नहीं रहे हैं? आखिर फुआ चाचा से भी तो बड़ी थी वो तो हर बात का जवाब दे रहे थे पर पापा......?
उस समय के बाद वापस हॉस्टल आने के कई महीने बाद भी बहुत रोई उस बात को याद कर-कर के कि आखिर पापा ने उस दिन क्यों कुछ नहीं बोला था? आज पढ़ाई पूरी कर के सब की मर्जी से पसंद के लड़के से मेरी शादी हो भी हो गयी। बिदाई का समय था, सब लोग भावुक थे। मैं खुद पर बहुत कंट्रोल कर के रखी हुई थी कि ना रोऊँ तभी पापा कार के पास आकर खिड़की पर झुक कर कहने ही वाले थे कि बेटी अच्छे से रह..। पर ये शब्द पूरा भी न हुआ और उनका गला भर आया और ये सुनते ही मैं और पापा दोनों जोर से रोने लगे। आज मुझे जा कर ये एहसास हुआ कि उस दिन - क्यों पापा कुछ नहीं बोले थे?
©Anand Keshaw
22 Dec 2018, 02:37
No comments:
Post a Comment